दीपावली से पहले पलवल के बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़, सड़कों पर लगा जाम

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 05 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के त्योहार को लेकर पलवल के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पर्व नजदीक आते ही शहर के मुख्य बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से देर शाम तक बाजारों में चहल-पहल बनी हुई है। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ के चलते व्यापारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं। वहीं, खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से बाजारों की सड़कों पर जाम की स्थिति बन रही है। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं और लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दीपावली को लेकर लोग घरों की सजावट, पूजा सामग्री, मिठाइयां, कपड़े, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और उपहार खरीदने में जुटे हैं। बाजारों में रंग-बिरंगी झालरों, दीपकों, मोमबत्तियों, सजावटी वस्तुओं और पूजन सामग्री की दुकानों पर विशेष रौनक दिखाई दे रही है। मिठाई और ड्राई फ्रूट की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। दुकानदारों ने भी त्योहार को देखते हुए अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया हुआ है।

व्यापारी चिराग तायल ने बताया कि इस बार लोगों में दीपावली के त्योहार को लेकर पहले की अपेक्षा अधिक उत्साह देखने को मिल रहा है। बाजारों में लगातार ग्राहकों की संख्या बढ़ रही है और लोग परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। त्योहार को लेकर व्यापारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। वहीं, खरीदारी करने पहुंचे ग्राहक दिव्यांशु ने बताया कि बाजार में इस समय काफी भीड़ है। दुकानों पर सामान खरीदने के लिए ग्राहकों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। सड़कों पर जाम के कारण आवागमन में भी परेशानी हो रही है। इसके बावजूद लोग त्योहार की तैयारियों को लेकर उत्साह के साथ खरीदारी कर रहे हैं। बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना भी चुनौती बन रहा है। दीपावली के नजदीक आते ही बाजारों में रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story