जींद : किसान की मेहनत नहीं जाने दी जाएगी खराब : मंत्री श्याम सिंह राणा
जींद, 10 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा है कि प्रदेश सरकार किसानों की मेहनत का पूरा सम्मान करती है और किसी भी किसान की मेहनत खराब नहीं होने दी जाएगी। सरकार द्वारा किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं खरीद प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और सुचारू रूप से संचालित किया जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नही करना पड़े।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा शुक्रवार को जुलाना, जींद तथा उचाना की अनाज मंडियों का दौरा कर खरीद व्यवस्थाओं का जायजा जे रहे थे। इस दौरान उन्होंने मंडी में पहुंच कर किसानों एवं आढ़तियों से सीधी बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कई समस्याओं का समाधान भी करवाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में गेहूं की खरीदए उठान और भुगतान की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए। साथ ही बारिश या मौसम में बदलाव को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त तिरपाल और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं निरंतर ठीक रहनी चाहिए। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौसम अनुसार मंडियों में गेंहू की आवक एक साथ ज्यादा मात्रा में आने की सम्भावना है। लिहाजा सभी खरीद एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और गेहूं खरीद के साथ-साथ उठान कार्य निरंतर करवाते रहें ताकि मंडियों में व्यवस्था सुचारू बनी रहे। इस मौके पर किसानों और आढ़तियों ने अपनी समस्याएं भी रखी। जिनका कृषि मंत्री द्वारा मौके पर ही समाधान किया गया। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी और सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
इस अवसर पर उचाना के विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री, बीजेपी के जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढूल, जुलाना के एसडीएम होशियार सिंह, जींद के एसडीएम सत्यवान सिंह मान, उचाना के एसडीएम रमित यादव, एडीएफएससी राजेश कुमार, मार्केट कमेटी जुलाना चेयरमैन मनोज शर्मा, मार्केट कमेटी जींद के चेयरमैन मनीष बबलू, सचिव संजीव जांगड़ा, हरिदास सैनी, सुशील सिहाग, सोनू भारद्वाज, सचिव कोमिला, योगेश कुमार, बीडीपीओ उचाना शमशेर नैन, पवन लाठर समेत किसान व आढती मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

