हिसार : एचएयू व जॉन डियर इंडिया के बीच हुआ समझौता

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : एचएयू व जॉन डियर इंडिया के बीच हुआ समझौता


हिसार : एचएयू व जॉन डियर इंडिया के बीच हुआ समझौता


हिसार, 13 जून (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय और जॉन डियर इंडिया प्राइवेट

लिमिटेड (जेडीआईपीएल) पुणे के बीच कृषि यंत्रीकरण एवं उन्नत कृषि तकनीकों के क्षेत्र

में सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। इसमें जॉन डियर

इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की तरफ से सुपरवाइजर आलोक रंजन तथा विश्वविद्यालय की ओर से

अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग ने हस्ताक्षर किए।

कुलसचिव डॉ. पवन कुमार ने शनिवार काे बताया कि इस समझौते से कृषि अनुसंधान, यंत्रीकरण

तथा प्रायोगिक खेती को नई दिशा मिलेगी। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों एवं विद्यार्थियों

को अत्याधुनिक कृषि मशीनों के प्रदर्शन एवं परीक्षण के अवसर प्राप्त होंगे । यह पहल

कृषि क्षेत्र में नवाचार एवं तकनीकी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण

कदम साबित होगी।

अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग ने बताया कि इस समझौते के तहत जॉन डियर इंडिया

प्राइवेट लिमिटेड विश्वविद्यालय के रामधन सिंह बीज फार्म में विभिन्न कृषि कार्यों

जैसे हैरोइंग, कल्टीवेशन, प्लैंकिंग, मेड़ निर्माण तथा अन्य कृषि संचालन परीक्षण आधार

पर संपन्न करेगी। कंपनी इन कार्यों के लिए ट्रैक्टर एवं आवश्यक बैकअप ट्रैक्टर नि:शुल्क

उपलब्ध कराएगी तथा उनके रखरखाव, मरम्मत, बीमा एवं अन्य तकनीकी आवश्यकताओं की जिम्मेदारी

भी वहन करेगी। समझौते के अनुसार विश्वविद्यालय द्वारा कृषि कार्यों के लिए आवश्यक ईंधन

उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि कंपनी ट्रैक्टर चालकों, स्पेयर पार्ट्स तथा तकनीकी सहायता

की व्यवस्था करेगी। विश्वविद्यालय ट्रैक्टरों एवं कृषि यंत्रों के लिए पार्किंग, कार्यशाला

एवं भंडारण की सुविधा उपलब्ध कराएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story