महाराजा अग्रसेन के आदर्शों से समाज को मिलती है एकता व सहयोग की प्रेरणा : विपुल गोयल

WhatsApp Channel Join Now
महाराजा अग्रसेन के आदर्शों से समाज को मिलती है एकता व सहयोग की प्रेरणा : विपुल गोयल


नूंह, 26 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्श आज भी समाज को समानता, अहिंसा, आपसी सहयोग और सामाजिक एकता का संदेश देते हैं। उनकी ‘एक ईंट-एक रुपया’ की परंपरा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को एक-दूसरे की मदद करने और जरूरतमंदों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की प्रेरणा देती है। अग्रवाल समाज ने हमेशा सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान दिया है।

राजस्व मंत्री विपुल गोयल रविवार रात फिरोजपुर झिरका में अग्रवाल महासभा के तत्वावधान में सिविल लाइन रोड स्थित नवग्रह मंदिर के सामने अग्रसेन वाटिका में आयोजित महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। इस दौरान अग्रवाल महासभा की कार्यकारिणी ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। मंत्री ने महाराजा अग्रसेन मंदिर में दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की तथा कुलदेवी माता महालक्ष्मी के समक्ष नमन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने उपस्थित लोगों को महाराजा अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं देते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान अग्रवाल महासभा फिरोजपुर झिरका की कार्यकारिणी ने राजस्व मंत्री के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें अग्रसेन वाटिका स्थित प्राचीन तालाब का नवीनीकरण, वाटिका के मुख्य प्रवेश द्वार को भव्य स्वरूप देना तथा शहर में महाराजा अग्रसेन के नाम पर चौराहा विकसित करना शामिल है। समारोह के दौरान अग्रवाल महासभा के जिलाध्यक्ष राजकुमार गर्ग, जिला महामंत्री जितेंद्र गोयल, जिला उपाध्यक्ष अग्रसेन गोयल, महासभा के प्रधान डॉ. यतेंद्र गर्ग, पूर्व मार्केट कमेटी चेयरमैन सुनील जैन, नगरपालिका चेयरमैन मनीष जैन, युवा कार्यकारिणी प्रधान ललित गोयल, राजेश बंसल, जुगल किशोर मंगला सहित महिला कार्यकारिणी की सदस्य मौजूद रहीं। इस अवसर पर महासभा के पदाधिकारियों ने राजस्व मंत्री विपुल गोयल को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767050 Articles

Share this story