नूंह: जाकिर हुसैन लगातार सातवीं बार निर्विरोध चुने गए मेवात एजुकेशन बोर्ड के अध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
नूंह: जाकिर हुसैन लगातार सातवीं बार निर्विरोध चुने गए मेवात एजुकेशन बोर्ड के अध्यक्ष


नूंह, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मेवात एजुकेशन बोर्ड की प्रबंधन समिति के चुनाव में जाकिर हुसैन को लगातार सातवीं बार सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। गुरुवार को संपन्न हुए चुनाव में सभी पदों पर सहमति से पदाधिकारियों का चयन किया गया। चुनाव के बाद बोर्ड के सदस्यों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों को फूलमालाएं पहनाकर मुबारकबाद दी।

मेवात एजुकेशन बोर्ड के अंतर्गत नूंह स्थित यासीन मेव डिग्री कॉलेज तथा चौधरी मोहम्मद यासीन खान सीनियर सेकेंडरी स्कूल का संचालन किया जाता है। बोर्ड की प्रबंधन समिति के चुनाव को लेकर सदस्यों में उत्साह देखने को मिला। चुनाव प्रक्रिया के दौरान जाकिर हुसैन को एक बार फिर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। चुनाव में नसीर अहमद एडवोकेट सुड़ाका को उपाध्यक्ष, हाजी इसराइल खान रानिका को महासचिव तथा सेवानिवृत्त बीडीपीओ कादर बख्श जयसिंहपुर को खजांची चुना गया। इसके अतिरिक्त शिक्षण स्टाफ की ओर से डॉ. मोहम्मद खालिद तथा गैर-शिक्षण स्टाफ की ओर से वसीम अकरम को प्रतिनिधि चुना गया। सभी पदों पर निर्विरोध चयन हुआ। चुनाव प्रक्रिया सेवानिवृत्त प्रिंसिपल डॉ. एम. इम्तियाज खान के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस दौरान विश्वविद्यालय की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में डॉ. गुलशन सिंह तथा उच्चतर शिक्षा विभाग (डीजीएचई) की ओर से पर्यवेक्षक डॉ. गीतिका उपस्थित रहीं। लगातार सातवीं बार अध्यक्ष चुने जाने पर जाकिर हुसैन ने विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षक डॉ. गुलशन सिंह, डीजीएचई की पर्यवेक्षक डॉ. गीतिका, रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. एम. इम्तियाज खान तथा बोर्ड के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सर्वसम्मति से दोबारा जिम्मेदारी सौंपने के लिए सभी सदस्यों का धन्यवाद किया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story