अफगान विद्यार्थियों की पहली पसंद बना गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के लिए 2417 आवेदन

WhatsApp Channel Join Now
अफगान विद्यार्थियों की पहली पसंद बना गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के लिए 2417 आवेदन


एक साल में छात्रवृत्तियां 41 से बढ़कर 213, ऑनलाइन शिक्षा पर बढ़ा अंतरराष्ट्रीय

भरोसा

ऑनलाइन एमबीए सबसे लोकप्रिय, अफगानिस्तान से 2417 विद्यार्थियों ने किया आवेदन

हिसार, 29 जुलाई (हि.स.)। यहां के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी

विश्वविद्यालय का दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीडीओई) अब अंतरराष्ट्रीय स्तर

पर भी अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। विश्वविद्यालय के ऑनलाइन शैक्षणिक कार्यक्रमों

के प्रति अफगानिस्तान के विद्यार्थियों का बढ़ता रुझान इसकी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा,

आधुनिक ऑनलाइन प्रणाली और विश्वसनीयता का प्रमाण बनकर उभरा है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बुधवार काे बताया कि आज के प्रतिस्पर्धी

दौर में केवल नौकरी प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि बेहतर करियर के लिए उच्च

शिक्षा और नई योग्यताओं का होना भी आवश्यक है। ऐसे में विश्वविद्यालय के ओडीएल (ओपन

एंड डिस्टेंस लर्निंग) और ऑनलाइन कार्यक्रम उन विद्यार्थियों एवं पेशेवरों के लिए बेहद

उपयोगी हैं, जो नौकरी या अन्य कार्यों के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं। उन्होंने

कहा कि विश्वविद्यालय तकनीक आधारित, गुणवत्तापूर्ण और किफायती उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने

के लिए निरंतर प्रयासरत है।

दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र के निदेशक प्रो. खुजान सिंह ने बताया कि भारत

सरकार का विदेश मंत्रालय भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के माध्यम से प्रत्येक

वर्ष अफगान नागरिकों को एक हजार छात्रवृत्तियां प्रदान करता है। इसके तहत देश के केवल

नौ सरकारी विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं, जिनमें

गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय भी शामिल है। उन्होंने बताया

कि विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट प्रतिष्ठा और अफगान विद्यार्थियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया

के चलते आईसीसीआर ने वर्ष 2025-26 के लिए गुजविप्रौवि को 213 छात्रवृत्तियां आवंटित

की हैं। यह संख्या पिछले वर्ष 2024-25 में केवल 41 थी। एक वर्ष में छात्रवृत्तियों

की संख्या में पांच गुना से अधिक वृद्धि विश्वविद्यालय की ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली पर

बढ़ते अंतरराष्ट्रीय विश्वास को दर्शाती है।

इस वर्ष विश्वविद्यालय के ऑनलाइन कार्यक्रमों के लिए अफगानिस्तान से कुल

2417 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें ऑनलाइन एमबीए के लिए 1434, ऑनलाइन एमसीए के लिए

406, ऑनलाइन एमकॉम के लिए 141 तथा ऑनलाइन बीकॉम कार्यक्रम के लिए 436 आवेदन शामिल हैं।

प्रो. खुजान सिंह ने बताया कि सीडीओई की पूरी प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित

होती है। विद्यार्थियों को डिजिटल अध्ययन सामग्री, रिकॉर्डेड वीडियो लेक्चर, लाइव ऑनलाइन

कक्षाएं तथा ऑनलाइन परीक्षा जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। विश्वविद्यालय

की लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस) को आईसीसीआर की विधिवत स्वीकृति प्राप्त है,

जिससे विदेशी विद्यार्थियों को सहज, सुरक्षित और विश्वसनीय अध्ययन वातावरण मिलता है।

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि उत्कृष्ट राष्ट्रीय रैंकिंग, मजबूत शैक्षणिक

प्रतिष्ठा और आधुनिक ऑनलाइन अवसंरचना के कारण गुजविप्रौवि अब अफगान विद्यार्थियों के

लिए भारत के सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों में ऑनलाइन शिक्षा का एक भरोसेमंद और प्राथमिक

विकल्प बनकर उभरा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story