हांसी : डीसी, एसपी सहित सभी अधिकारी व कर्मचारी पीएंगे ‘चानौत गांव का पानी’

WhatsApp Channel Join Now
हांसी : डीसी, एसपी सहित सभी अधिकारी व कर्मचारी पीएंगे ‘चानौत गांव का पानी’


चानौत गांव के पानी की गुणवत्ता पर प्रशासन का भरोसा

हांसी, 17 जून (हि.स.)। जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल करते हुए गांव के पानी

की गुणवत्ता पर अपना विश्वास जताया है। अब समय-समय पर अधिकारी और कर्मचारी भी गांव

का पानी पीएंगे। उपायुक्त राहुल नरवाल के निर्देशानुसार गुरुवार 18 जून को जिला प्रशासन

के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरे दिन चानौत गांव का पानी ही पीएंगे।

उपायुक्त राहुल नरवाल ने बुधवार काे जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों

को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में चानौत गांव के जलघर से पानी

से भरे कैंपर उपलब्ध करवाए जाएं। गुरुवार सुबह इन कैंपरों को गांव के जलघर से भरवाकर

कार्यालयों में पहुंचाया जाएगा। प्रत्येक कैंपर पर स्पष्ट रूप से ‘चानौत गांव का पानी’ लिखी पर्ची लगाई जाएगी,

ताकि इसकी पहचान सुनिश्चित की जा सके।

डीसी राहुल नरवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गुरुवार को सभी अधिकारी एवं

कर्मचारी केवल चानौत गांव का पानी ही पीएंगे। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि

इस दिन विभिन्न आरओ वॉटर प्लांट से आने वाले पानी के कैंपर नहीं मंगवाए जाएं।

उपायुक्त ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य ग्रामीणों में विश्वास बहाल करना और

पानी की गुणवत्ता को लेकर फैली शंकाओं को दूर करना है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी

निर्देश दिए हैं कि जब गांव से पानी भरकर कैंपर कार्यालयों में रखे जाएं, तो उनकी फोटो

लेकर भिजवाना सुनिश्चित किया जाए।

जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी ने

बताया कि चानौत गांव के जलघर के पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए पानी के नमूने प्रयोगशाला

में भेजे गए थे। अब उनकी रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, जिसमें पानी की गुणवत्ता को मानकों

के अनुरूप और सुरक्षित पाया गया है। उन्होंने बताया कि लैब रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट

हो गया है कि गांव के जलघर में उपलब्ध पानी पीने योग्य है। इसी विश्वास के आधार पर

प्रशासन ने यह निर्णय लिया है कि अधिकारी स्वयं भी इस पानी का सेवन करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story