सिरसा: जनसमस्याओं का तत्पर व स्थाई समाधान ही जिला प्रशासन की प्राथमिकता: एडीसी
सिरसा, 27 फ़रवरी (हि.स.)। सिरसा जिले के गांव लकड़ांवाली में जिला प्रशासन द्वारा गुरुवार को रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान रात्रि ठहराव कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत व पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने आमजन की समस्याएं सुनी। इस दौरान 92 से अधिक समस्याएं व शिकायतें सुनी गई तथा संबंधित विभागों को तत्परता से समाधान के निर्देश दिए।
एडीसी वीरेंद्र सहरावत के समक्ष कई ग्रामीणों ने आवास योजना के तहत सहायता राशि न मिलने संबंधी शिकायत दी, जिस पर उन्होंने जिला परिषद के सीईओ डा. सुभाष चंद्र को 10 दिनों में इसके समाधान के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्रामीणों द्वारा शिकायत के माध्यम से राशन कार्ड कटने व पीपीपी में त्रुटियों को ठीक करने संबंधी मांग की, ग्रामीणों की प्रत्येक शिकायत को एडीसी ने बारीकी से सुनते हुए क्रिड विभाग को जल्द समाधान करते हुए शिकायतकर्ता को भी सूचना उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्रामीणों की खाल व शाख पक्की करने संबंधी शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभाग को नियमों के अनुरूप इस बारे जल्द समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने गांव में बस सुविधा उपलब्ध न होने के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया। इस पर एडीसी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जीएम रोडवेज को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए ताकि विद्यार्थियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके। ग्रामीणों ने खेतों में जंगली सूअरों से हो रहे नुकसान की समस्या भी रखी। वहीं गांव में लड़कियों के लिए सार्वजनिक पुस्तकालय खोले जाने की मांग रखी गई, जिस पर अतिरिक्त उपायुक्त ने तुरंत कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आज समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक नशा है। नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि परिवार और पूरे समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि यदि गांव में कोई व्यक्ति नशे की लत से पीडि़त है तो उसे छिपाने के बजाय उसका उपचार करवाया जाए। समय पर इलाज और परामर्श से नशे की लत से छुटकारा पाया जा सकता है। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विजय लक्ष्मी, डीडीपीओ बलजीत सिंह चहल, उप सिविल सर्जन डा. प्रमोद शर्मा, उप निदेशक कृषि डा. सुखदेव सिंह, डीएसओ जगदीप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलोड, बीडीपीओ अमन मित्तल, कार्यकारी अभियंता पंचायती राज गौरव भारद्वाज, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव लाल बहादुर बेनीवाल सहित विभिन्न विभागों का अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

