हांसी : राखीगढ़ी महोत्सव में कुल्हड़ में लस्सी से होगा मेहमानों का स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
हांसी : राखीगढ़ी महोत्सव में कुल्हड़ में लस्सी से होगा मेहमानों का स्वागत


हांसी : राखीगढ़ी महोत्सव में कुल्हड़ में लस्सी से होगा मेहमानों का स्वागत


स्थानीय व अंतरराज्यीय उत्पादों की प्रदर्शनी

और बिक्री रहेगी आकर्षण का केंद्र

तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन

हांसी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय राखीगढ़ी

महोत्सव में आने वाले स्थानीय और अंतरराज्यीय मेहमानों का स्वागत हरियाणवी परंपरा और

देसी अंदाज में कुल्हड़ में लस्सी पिलाकर किया जाएगा। महोत्सव में हरियाणा की समृद्ध

सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक खानपान और ग्रामीण जीवनशैली की झलक देखने को मिलेगी। इसके

साथ ही स्थानीय और विभिन्न राज्यों के उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री भी आकर्षण का

केंद्र रहेगी। इसके लिए महोत्सव स्थल पर विभिन्न स्टाल लगाए जा रहे हैं, जहां उद्यमी

अपने उत्पाद प्रदर्शित करने के साथ उनकी बिक्री भी कर सकेंगे।

महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए

शनिवार को अतिरिक्त उपायुक्त एवं महोत्सव के ओवरऑल प्रभारी लक्षित सरीन ने आयोजन स्थल

पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने

विभागवार तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते

पूरे किए जाएं, ताकि महोत्सव के दौरान पर्यटकों और मेहमानों को किसी प्रकार की असुविधा

न हो। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से

निर्वहन करने को कहा।

एडीसी ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को

महोत्सव स्थल पर स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, नगर

परिषद हांसी और नगर पालिका नारनौंद को महोत्सव स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई

की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया। अन्य संबंधित विभागों को भी अपने दायित्वों के

अनुसार आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए।

महोत्सव में कुल्हड़ में हरियाणवी लस्सी पिलाकर

मेहमानों का स्वागत करना प्रदेश की पारंपरिक मेहमाननवाजी और अपनत्व की भावना को प्रदर्शित

करेगा। वहीं, स्थानीय और अंतरराज्यीय उत्पादों के स्टालों से उद्यमियों को अपने उत्पादों

को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। इन स्टालों पर विभिन्न क्षेत्रों

की कला, शिल्प और उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे महोत्सव में आने वाले लोगों

को अलग-अलग राज्यों के उत्पादों को देखने और खरीदारी करने का अवसर भी मिलेगा। एडीसी लक्षित सरीन ने कहा कि राखीगढ़ी महोत्सव

हरियाणा की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत

करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाते

हुए आयोजन को सफल बनाने में योगदान दें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762612 Articles

Share this story