सोनीपत: दस मई को मतदान, प्रशासन तैयार, चुनाव निष्पक्ष होंगे: उपायुक्त नेहा सिंह

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत: दस मई को मतदान, प्रशासन तैयार, चुनाव निष्पक्ष होंगे: उपायुक्त नेहा सिंह


-नगर निगम चुनाव: 264 पोलिंग स्टेशन

पर सॉफ्टवेयर लगाएगा ड्यूटी

सोनीपत, 29 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत

नगर निगम के मेयर और पार्षद पद के दस मई को होने वाले मतदान को लेकर जिला प्रशासन पूरी

तैयारी में जुटा है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा सिंह ने बुधवार को कहा

कि चुनाव में पारदर्शिता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। पोलिंग पार्टियों की

तैनाती पूरी तरह सॉफ्टवेयर से होगी, इसलिए किसी भी प्रकार की सिफारिश स्वीकार नहीं

की जाएगी।

प्रशासन

ने चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सुरक्षा, पोलिंग स्टाफ और मतदान केंद्रों

की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। ईवीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए

मेयर और पार्षद चुनाव के लिए अलग-अलग स्ट्रांग रूम बनाए जाएंगे। इन स्ट्रांग रूम में

कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था रहेगी, ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी

रहे।

मतदान

के बाद मतगणना के लिए बिट्स मोहाना में केंद्र बनाया गया है। यहां मतगणना के दौरान

सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया

बिना किसी बाधा के पूरी हो सके। पोलिंग पार्टियों को प्रशिक्षण देने के लिए एक मई को

दीनबंधु छोटू राम यूनिवर्सिटी परिसर में रिहर्सल करवाई जाएगी। इसमें मतदान प्रक्रिया,

ईवीएम संचालन और जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी।

नगर

निगम चुनाव चार विधानसभा क्षेत्रों सोनीपत, खरखौदा, गन्नौर और राई में होगा। प्रशासन

ने कुल 264 पोलिंग स्टेशन तय किए हैं। इनमें सोनीपत में 224, खरखौदा में 17, गन्नौर

में दो और राई में 21 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। लघु सचिवालय में उपायुक्त नेहा सिंह

की अध्यक्षता में पोलिंग पार्टियों की पहली रेंडमाइजेशन प्रक्रिया पूरी की गई। यह प्रक्रिया

एनआईसी हरियाणा के ड्यूटी मैनेजमेंट सिस्टम सॉफ्टवेयर के माध्यम से संपन्न हुई, जिसमें

पीठासीन और सहायक पीठासीन अधिकारियों की ड्यूटी तय की गई। उपायुक्त ने बताया कि राज्य

चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार यह प्रक्रिया पूरी तरह सॉफ्टवेयर आधारित होती है

और इसमें किसी प्रकार का मानवीय हस्तक्षेप नहीं होता, जिससे निष्पक्षता बनी रहती है।

चुनाव

प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए रिजर्व स्टाफ भी तैयार रखा गया है। जरूरत पड़ने पर

इस स्टाफ को तुरंत तैनात किया जाएगा। लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई बैठक में

विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और चुनाव को सफल बनाने के लिए अपनी जिम्मेदारियां

तय कीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story