जींद : नायब सरकार कर रही जनता के हित में काम : रामकुमार गौतम
जींद, 28 मार्च (हि.स.)। सफीदों विधायक रामकुमार गौतम ने कहा है कि नायब सरकार लगातार जनता के हित में काम कर रही है और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ आमजन तक पहुंच रहा है।
सफीदों विधायक रामकुमार गौतम शनिवार को आगामी चार अप्रैल को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रस्तावित धन्यवाद एवं विकास रैली को लेकर सफीदों विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। विधायक ने कहा कि चार अप्रैल को आयोजित होने वाली यह रैली सफीदों के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगी । यह केवल एक रैली नही बल्कि क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि इस जनसंपर्क अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को जोडऩा और उन्हें सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की यह धन्यवाद एवं विकास रैली क्षेत्र के लिए कई नई सौगातें लेकर आएगी। इस रैली के माध्यम से जहां सरकार जनता का आभार व्यक्त करेगी, वहीं विकास परियोजनाओं की घोषणा और शिलान्यास भी किया जाएगा। इससे सफीदों विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा। विधायक ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस रैली में बढ़चढ़ कर भाग लें और इसे सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि जनता की भागीदारी ही किसी भी लोकतांत्रिक कार्यक्रम की असली ताकत होती है और इस रैली में अधिक से अधिक लोगों की उपस्थिति क्षेत्र की एकजुटता और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाएगी। इस मौके पर पूर्व विधायक कलीराम पटवारी, सरपंच श्यामलाल, होशियार सैनी, रामधन शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

