सोनीपत में मेंहदीपुर- जाजल के रेनीवेल से अतिरिक्त पेयजल उपलब्ध कराएंगे: विधायक
सोनीपत, 21 मई (हि.स.)। सोनीपत
में बरसाती पानी निकासी और पेयजल आपूर्ति सुधार को लेकर विधायक निखिल मदान ने एसएमडीए
अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक सेक्टर-14 स्थित विधायक कार्यालय में हुई, जिसमें
शहर और निगम क्षेत्र के गांवों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
विधायक
ने बताया कि जल्द ही मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एसएमडीए की अथॉरिटी बैठक होगी। इससे
पहले अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रस्तावों पर विचार किया गया। बैठक में मेंहदीपुर
और जाजल गांव में बन रहे नए रेनीवेल से शहर को अतिरिक्त पेयजल उपलब्ध कराने की योजना
पर चर्चा हुई। इससे गर्मियों में पानी की किल्लत कम होने की उम्मीद है और शहरी क्षेत्रों
के साथ गांवों को भी लाभ मिलेगा।
बैठक में सेक्टर-14, सेक्टर-15 और गीता भवन क्षेत्र
में बरसाती पानी निकासी व्यवस्था मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। गीता भवन चौक से ड्रेन
नंबर छह तक नई स्टॉर्म वाटर लाइन बिछाने और निचले इलाकों में आईपीएस बनाकर पंपों के
जरिए पानी निकासी की योजना रखी गई। सेक्टर-14 और सेक्टर-15 की लाइन को भी ड्रेन नंबर
छह से जोड़ने का प्रस्ताव रखा गया।
इसके
अलावा सेक्टर-26 और सेक्टर-35 में पेयजल लाइन बिछाने का काम जारी है। नए सेक्टरों में
बिटूमीन सड़कों का दोबारा निर्माण भी किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो
चुकी है।
विधायक
ने कहा कि सभी प्रस्तावों को अथॉरिटी बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा। बैठक में चीफ
इंजीनियर कृष्ण दहिया, चीफ इंजीनियर राजीव गुप्ता, कार्यकारी अभियंता आलोक कुमार, एसडीओ
अंकित दहिया, कनिष्ठ अभियंता रवि कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

