हिसार के नागरिक अस्पताल की महिला के शव को क्षति पहुंचने की होगी मजिस्ट्रियल जांच
जिला मजिस्ट्रेट ने जारी किए आदेश, एडीसी होंगी जांच अधिकारीहिसार, 09 जून (हि.स.)। उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट महेंद्र पाल ने जिले के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में एक महिला के शव को क्षति पहुंचने की घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। जांच के दौरान घटना के मूल कारणों का पता लगाया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की जांच की जाएगी। इसी प्रकार से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम भी उठाए जाएंगे।अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। घटना की विस्तृत जांच कर तथ्यात्मक एवं कारण युक्त रिपोर्ट निर्धारित निष्कर्षों और सिफारिशों सहित 48 घंटे के भीतर प्रस्तुत की जाएगी। जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।ज्ञात रहे कि हांसी निवासी 25 वर्षीय महिला कोमल की हांसी के अस्पताल में डिलीवरी के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उसे हिसार लाया जा रहा था। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। शनिवार रात को महिला का शव नागरिक अस्पताल के डेड हाउस में रख दिया गया, जहां रविवार सुबह पोस्टमार्टम होना था लेकिन सुबह परिजनों ने यह कहते हुए हंगामा कर दिया कि डेड हाउस के अंदर शव को चूहों ने काट लिया है। नागरिक अस्पताल में हंगामे के चलते शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा रैफर कर दिया गया था। अग्रोहा में पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव को लेकर हांसी पहुंचे तो उन्होंने तोशाम चुंगी के पास जाम लगाकर कई वाहनों में तोड़फोड़ तक कर डाली थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

