दिल्ली की रैली में मेवात से उमड़ा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जनसैलाब

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली की रैली में मेवात से उमड़ा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जनसैलाब


नूंह, 01 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रविवार को इंडिया गठबंधन की ओर से आयोजित महारैली में मेवात क्षेत्र से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भागीदारी देखने को मिली। जिला कांग्रेस कमेटी नूंह की जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शहीदा खान के नेतृत्व में जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे और रैली में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

महारैली में देशभर से इंडिया गठबंधन के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। रैली के दौरान भाजपा सरकार पर वोट चोरी के आरोप लगाते हुए लोकतंत्र, संविधान और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल खड़े करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने चुनावी व्यवस्था की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जवाबदेही तय करने की मांग उठाई। रैली में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा बेहद जरूरी है। देश की जनता अपने संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए आवाज उठा रही है। इस दौरान मेवात से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। शहीदा खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। मेवात से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी को कांग्रेस संगठन की एकजुटता और सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770639 Articles

Share this story