हिसार : लंबित कार्य समयबद्ध पूरे करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : सिद्धांत जैन
थानों के रजिस्टर, मुकदमों से संबंधित अभिलेखों और डिजिटल डाटा की नियमित जांच
के निर्देश
जिन मामलों में आरोपियों के फिंगरप्रिंट नहीं लिए गए, उन्हें दोबारा बुलाकर
प्रक्रिया पूरी करें अधिकारी
हिसार, 28 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने अपने कार्यालय में बुधवार काे
जिला के सभी पुलिस थानों, चौकियों और संबंधित शाखाओं के रिकॉर्ड की समीक्षा के लिए
बैठक की। बैठक में डीएसपी मुख्यालय, सभी थानों एवं चौकियों के संबंधित कर्मचारी, एमएचसी,
एमएम, कंप्यूटर ऑपरेटर, वीआरके स्टाफ, नेफिस डाटा ऑपरेटर, फिंगरप्रिंट स्टाफ तथा प्रॉपर्टी
डिस्पोजल के प्रभारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बुधवार काे एमएचसी एवं एमएम से थानों और मुकदमों से संबंधित
रजिस्टरों, अभिलेखों तथा लंबित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी
थानों में रिकॉर्ड का रखरखाव नियमानुसार, व्यवस्थित और अद्यतन रखा जाए। किसी भी रजिस्टर,
मुकदमे से संबंधित दस्तावेज या आवश्यक प्रविष्टि में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संबंधित
कर्मचारी अपने कार्यों की नियमित जांच करें और सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा
में पूरे करना सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक ने नेफिस डाटा ऑपरेटर और फिंगरप्रिंट स्टाफ को विशेष निर्देश
दिए कि जिन मामलों में आरोपियों के फिंगरप्रिंट अभी तक नहीं लिए गए हैं, उनकी पहचान
कर संबंधित आरोपियों को नियमानुसार दोबारा बुलाया जाए और फिंगरप्रिंट लेने की प्रक्रिया
जल्द पूरी की जाए।
उन्होंने कहा कि लंबित फिंगरप्रिंट का रिकॉर्ड अद्यतन रखा जाए तथा यह सुनिश्चित
किया जाए कि संबंधित डाटा सिस्टम में सही तरीके से दर्ज हो। इस कार्य में अनावश्यक
देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कंप्यूटर ऑपरेटरों और संबंधित कर्मचारियों
को डिजिटल रिकॉर्ड की शुद्धता बनाए रखने, डाटा नियमित रूप से अपडेट करने तथा विभागीय
कार्यों में आपसी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, प्रॉपर्टी डिस्पोजल
से संबंधित लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित प्रभारी को नियमानुसार आवश्यक
कार्रवाई जल्द पूरी करने के लिए कहा गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने स्पष्ट किया कि थानों के रिकॉर्ड का व्यवस्थित
रखरखाव, मुकदमों से संबंधित डाटा की शुद्धता और लंबित कार्यों का समय पर निपटान पुलिस
की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों
का गंभीरता से निर्वहन करें तथा रिकॉर्ड या डाटा में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने
पर उसे तत्काल दूर करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संबंधित शाखाएं अपने कार्यों की नियमित समीक्षा
करें और लंबित मामलों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करें। निर्धारित कार्यों में लापरवाही
पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

