हिसार में कॉलेज-कोचिंग के बाहर युवाओं को हुक्का पिलाया तो होगी कार्रवाई
टी-स्टॉल और अन्य दुकानों पर पुलिस की पैनी नजर
नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद देने वालों पर होगी कार्रवाई
हिसार, 17 सितंबर (हि.स.)। शिक्षण संस्थानों के आसपास युवाओं को हुक्का पिलाने
और नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद उपलब्ध करवाने वालों पर अब पुलिस की नजर रहेगी। पुलिस
अधीक्षक सिद्धांत जैन ने गुरुवार काे जिले के सभी थाना प्रभारियों को कॉलेजों, विश्वविद्यालयों,
कोचिंग संस्थानों और इनके आसपास संचालित चाय-टी स्टॉलों की नियमित निगरानी करने के
निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन सामने आने पर तथ्यों की जांच कर तत्काल कार्रवाई
की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने गुरुवार काे कहा कि पुलिस अधिकारियों के माध्यम से जिले
के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, जीजेयू एवं विश्वविद्यालय परिसरों, सरकारी व निजी कॉलेजों
तथा कोचिंग संस्थानों के आसपास कुछ स्थानों पर युवाओं को सार्वजनिक रूप से हुक्का पिलाए
जाने की सूचनाएं सामने आई हैं। आदमपुर क्षेत्र के कुछ शिक्षण संस्थानों के आसपास कूलिप
नामक तंबाकू उत्पाद के सेवन संबंधी सूचनाएं भी मिली हैं। पुलिस को कम उम्र के बच्चों
और किशोरों को हुक्का अथवा तंबाकू उत्पाद उपलब्ध करवाए जाने की शिकायतें भी मिली हैं।
एसपी ने शिक्षण संस्थानों के आसपास चाय-टी स्टॉल, हुक्का या खाद्य-पेय पदार्थों
की दुकान चलाने वालों को नाबालिगों को किसी भी प्रकार का तंबाकू उत्पाद उपलब्ध नहीं
करवाने की हिदायत दी है। सार्वजनिक स्थान पर युवाओं को हुक्का पिलाने या तंबाकू सेवन
के लिए स्थान उपलब्ध करवाने तथा प्रतिबंधित या अवैध तंबाकू उत्पादों से संबंधित गतिविधियों
पर भी पुलिस कार्रवाई करेगी। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों
और आसपास के स्टॉलों पर निगरानी रखने के साथ यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए
हैं कि ऐसी गतिविधियों से युवा तंबाकू और नशे की ओर आकर्षित न हों।
पुलिस अधीक्षक ने जीजेयू, विश्वविद्यालयों, सरकारी एवं निजी कॉलेजों तथा कोचिंग
संस्थानों के संचालकों से परिसर और आसपास के क्षेत्र में विद्यार्थियों द्वारा हुक्का
व तंबाकू सेवन रोकने के लिए निगरानी और जागरूकता बढ़ाने की अपील की है। ऐसी कोई गतिविधि
सामने आने पर संबंधित पुलिस थाना या चौकी को सूचना देने को कहा गया है। एसपी सिद्धांत
जैन ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए उसकी शुरुआत को रोकना जरूरी है। शिक्षण
संस्थानों के आसपास हुक्का और तंबाकू सेवन की गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं को तंबाकू और नशे से दूर रखने के लिए पुलिस, शिक्षण संस्थान,
दुकानदार और अभिभावकों को मिलकर प्रयास करने होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

