हिसार : दीपावली पर राजगुरु मार्केट में सुरक्षा व्यवस्था के लिएि पुलिस अलर्ट
एसपी ने दुकानदारों और व्यापारियों से अतिक्रमण नहीं करने की अपील की
निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस
को देने के निर्देश
हिसार, 03 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर राजगुरु मार्केट में खरीदारी के लिए उमड़ने
वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार काे विशेष
दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने नागरिकों, दुकानदारों और व्यापारियों से व्यवस्था
बनाए रखने में सहयोग करने की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी,
गलत पार्किंग और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने मंगलवार काे कहा कि त्योहार के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने
से सुरक्षा और यातायात संबंधी चुनौतियां भी बढ़ जाती हैं। ऐसे में सभी नागरिक निर्धारित
पार्किंग स्थलों पर ही अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े करें। बाजार के मुख्य रास्तों
और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने से बचें। दुकानदार भी दुकानों के बाहर सामान,
काउंटर या अन्य वस्तुएं रखकर रास्ते अवरुद्ध न करें, ताकि पैदल राहगीरों और वाहनों
का आवागमन सुचारू बना रहे।
एसपी ने लोगों से खरीदारी के दौरान मोबाइल, पर्स, नकदी और अन्य कीमती सामान
का ध्यान रखने तथा जेबकतरों और उठाईगीरों से सतर्क रहने की अपील की। भीड़भाड़ वाले
बाजार में छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ने और उनके पास परिवार के किसी सदस्य का मोबाइल
नंबर रखने की सलाह भी दी। दुकानदारों को अग्निशमन यंत्र रखने, बिजली की खुली तारों
और ओवरलोडिंग से बचने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बाजार में एंबुलेंस,
फायर ब्रिगेड और पुलिस वाहनों के लिए रास्ता खुला रखना जरूरी है। नागरिक पुलिस कर्मचारियों
के निर्देशों का पालन करें और किसी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या गतिविधि की जानकारी
तुरंत पुलिस को दें। किसी संदिग्ध वस्तु को स्वयं छूने से बचें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

