हिसार : लिव-इन पार्टनर की मौत, दोनों के शव परिजनों को सौंपे
आजाद नगर थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत के तहत की कार्रवाई
हिसार, 22 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के आजाद नगर के पास बालसमंद ब्रांच नहर पर
बुधवार देर शाम लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक और युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों
में जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने दोनों
शवों को अपने कब्जे में लेकर गुरुवार को उनका पोस्टमार्टम करवाया और मामले में इत्तेफाकिया
मौत की कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक, जहरीला पदार्थ निगलने के बाद दोनों को गंभीर हालत में
तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद
उन्हें जिले के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक
ने दम तोड़ दिया। वहीं, युवती की नाजुक हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज
रेफर किया गया था, जहां गुरुवार सुबह उसने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक युवक की पहचान किरमारा गांव निवासी सचिन के रूप में हुई है, जो हरियाणा
कृषि विश्वविद्यालय में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में तैनात था। वहीं, युवती की पहचान
रोहतक निवासी मनीषा के रूप में हुई है, जो पहले से शादीशुदा थी और उसका 10 साल का एक
बेटा भी है, जबकि उसका पति सेना में कार्यरत है। मृतक के भाई प्रवीण ने बताया कि सचिन
दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग लेता था और करीब एक साल तक वहीं रहा था। उसी
दौरान उसकी मुलाकात मनीषा से हुई और दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया, जिसके
बाद वे हिसार आ गए और आजाद नगर के पास पिछले करीब छह महीने से लिव-इन-रिलेशनशिप में
रह रहे थे। इस दौरान परिवार का सचिन से कोई संपर्क नहीं था।
राहगीरों से सूचना मिलने पर आजाद नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी और
दोनों को अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने इस मामले
में इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए गुरुवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर
परिजनों को सौंप दिया है। हालांकि, दोनों ने यह खौफनाक कदम किस वजह से उठाया, फिलहाल
इसके स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की गहनता से हर पहलू
की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

