बीएलओ के कार्य में बाधा डालने पर की जाएगी सख्त कानूनी कार्रवाई : ए. श्रीनिवास

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों व निर्वाचन कर्मचारियों द्वारा घर-घर जाकर प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण किया जा रहा है। ऐसे में सभी मतदाता कार्य के दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों से पूरा सहयोग करें। निर्वाचन कार्य में बाधा डालने अथवा सरकारी कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता एवं कानून व्यवस्था भंग करने के प्रयास को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता एवं मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना अत्यंत महत्वपूर्ण है। 14 जुलाई तक गणना प्रपत्र जमा करवाने की आखिरी तारीख है। ऐसे में सभी मतदाता समय रहते अपना एसआईआर फॉर्म बीएलओ के पास जमा करवाएं।

दरअसल, 10 जुलाई को ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-73, गांव नाथूसरी चौपटा में निर्वाचन कार्य के दौरान ड्यूटी पर तैनात बीएलओ एवं उनके सहायक के साथ कुछ व्यक्तियों द्वारा अभद्र व्यवहार करने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला संज्ञान में आया। सूचना मिलते ही जिला निर्वाचन प्रशासन एवं पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस द्वारा एक आरोपी को गिरफ्तार कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story