जींद : स्मैक के साथ दो महिलाएं काबू, पूछताछ जारी
जींद, 14 अक्टूबर (हि.स.)। विकास नगर में शहर थाना पुलिस ने दो महिलाओ को गिरफ्तार कर उनके पास से 55.20 ग्राम स्मैक बरामद की है। दोनों महिलाएं अपने मकानों के आगे स्मैक बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रही थी। शहर थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
रोहतक रोड चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि शहर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि विकास नगर में दो महिलाएं अपने-अपने मकानों के सामने चारपाई पर गली में बैठी हुई हैं। जो नशीले पदार्थ बेचने के लिए ग्राहकों का इंंतजार कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो दोनों उठ कर घर के अंदर जाने लगी। टीम में शामिल महिला पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों महिलाओं को काबू कर लिया।
पुलिस ने जब पहली महिला की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 35.50 ग्राम स्मैक बरामद हुई। जिसकी पहचान सीवन निवासी नीलम के रूप में हुई। जब दूसरी महिला की तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 19.70 ग्राम स्मैक बरामद हुई। जिसकी पहचान मूलत: सिसाय निवासी मूर्ति के रूप में हुई। दोनों महिलाएं विकास नगर में किराये पर कमरा लेकर नशे का कारोबार कर रही थी। शहर थाना पुलिस ने स्मैक के साथ पकड़ी गई दोनों महिलाओ के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

