पानीपत: निर्माणाधीन साइट से लोहा व बिजली की तारें चोरी करने के तीन आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: निर्माणाधीन साइट से लोहा व बिजली की तारें चोरी करने के तीन आरोपी गिरफ्तार


पानीपत, 23 मार्च (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने एचएसआईडीसी में कंस्ट्रक्शन साइट से लोहे का सामान व बिजली की केबल चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान करनाल निवासी संदीप, संजय व कश्मीरी के रूप में हुई है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि उनकी टीम को रविवार रात को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि संदग्धि किस्म के तीन युवक एचएचआईडीसी में पावर हाउस के पास एक बाइक पर सवार होकर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे है।

पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर तीनों युवकों को काबू किया। पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान करनाल निवासी संदीप, संजय व कश्मीरी के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने मिलकर 21 मार्च की रात एचएसआईडीसी में निर्माणाधीन साइट से सरिये, लोहे की पाइप व बिजली की केबल चोरी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। साइट से सामान चोरी की उक्त वारदात बारे थाना सदर में साइट इंचार्ज भूपेंद्र की शिकायत पर अभियोग दर्ज किया था।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह तीनों नशा करने के आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो उन तीनों ने मिलकर निर्माणाधीन साइट पर चोरी की उक्त वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने निमार्णाधीन साइट से रात को लोहा व बिजली की केबल चोरी कर सामान को प्लास्टिक कट्टे में डालकर कुछ दूरी पर झाड़ियों में छुपा दिया था। रविवार को वे चोरी के सामान को बेचने के लिए उठाने आए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 110 सरिये, दो पाइप व बिजली की तार के दो बंडल व वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर सोमवार को पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story