पानीपत: विदेश भेजने के नाम पर 54 लाख की ठगी का आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: विदेश भेजने के नाम पर 54 लाख की ठगी का आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार


पानीपत, 27 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत के गांव अहर निवासी दो भाइयों को अमेरिका भेजने का झांसा देकर 54.75 लाख रूपए की ठगी करने मामले में गिरोह के चौथे आरोपी राहुल निवासी शेखपुरा करनाल को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। पानीपत पुलिस ने आरोपी राहुल का लुकआउट नोटिस जारी करवाया हुआ था।

आरोपी राहुल विदेश जाने के लिए दिल्ली एयरपोट गया तो इमीग्रेशन विभाग ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पानीपत पुलिस आरोपी राहुल को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफतार कर पानीपत लेकर आई। पूछताछ में आरोपी ने पहले गिरफ्तार हो चुके अपने तीन साथी आरोपियों बंटी निवासी करनाल, बिकास चंद्र हैल्दर निवासी वेस्ट बंगाल, चंचल राय निवासी महाराष्ट्र व मामले में नामजद फरार अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर अमेरिका भेजने के नाम पर ठगी को अंजाम देने की बात को स्वीकारा है।

पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी राहुल को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की गई। रिमांड के दौरान पूछताछ करने के साथ ही आरोपी के कब्जे से ठगी गई नकदी में से बचे पांच हजार रूपए बरामद कर शुक्रवार को रिमांड अवधि पूरी होने पर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story