सिरसा: गोल्ड लोन ट्रांसफर के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: गोल्ड लोन ट्रांसफर के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार


सिरसा, 05 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने गोल्ड लोन ट्रांसफर के नाम पर एक फाइनेंस कंपनी के साथ करीब 17 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बुधवार को बताया कि सिरसा के बरनाला रोड स्थित बजाज गोल्ड लोन शाखा में कार्यरत विजय शर्मा ने शिकायत दी थी कि जिले के गांव नथौर निवासी अजय सिंह उनकी शाखा में गोल्ड लोन ट्रांसफर करवाने के लिए आया था। आरोपी का पहले एक अन्य गोल्ड फाइनेंस कंपनी में करीब 17 लाख रुपये का गोल्ड लोन चल रहा था। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद कंपनी ने पुराना लोन बंद करवाने के लिए 17 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में स्थानांतरित कर दिए।

शिकायत के अनुसार आरोपी ने पुरानी कंपनी का लोन तो चुका दिया, लेकिन नियमानुसार गिरवी रखा गया सोना नई शाखा में जमा नहीं कराया। इसके बाद कंपनी अधिकारियों ने कई बार आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। शिकायत पर आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाना में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अजय सिंह को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस प्रकार की धोखाधड़ी में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story