सिरसा: विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

सिरसा, 12 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने विदेश में नौकरी का सांझा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार ऑस्ट्रेलिया का वर्क वीजा लगवाने के नाम पर पीडि़त से करीब 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि आरोपियों द्वारा दिया गया वीजा फर्जी निकला जिसके बाद पीडि़त ने शिकायत दर्ज करवाई।

पीडि़त ने बताया कि आरोपी डबवाली आए और लैपटॉप पर कथित रूप से उसका ऑस्ट्रेलिया का वर्क वीजा दिखाकर भुगतान की मांग की। आरोपियों के झांसे में आकर उसने छह लाख रुपये नकद दे दिए, जबकि 12 लाख 90 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इनमें से आरोपियों के कहने पर एक लाख 50 हजार रुपये गिरफ्तार आरोपी सुखदर्शन सिंह के बैंक खाते में भी जमा करवाए गए। कुछ समय बाद पता चला कि हिसार स्थित इमिग्रेशन कार्यालय बंद हो चुका है तथा आरोपियों द्वारा दिखाया गया वीजा पूरी तरह फर्जी था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए शिकायतकर्ता को फर्जी आधार कार्ड उपलब्ध कराए थे। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने आरोपी सुखदर्शन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पुलिस आमजन से अपील की है कि विदेश में नौकरी, वर्क वीजा, स्टडी वीजा या स्थायी निवास (पीआर) दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसे में आमजन विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी इमिग्रेशन एजेंसी, कंसल्टेंट या व्यक्ति पर केवल सोशल मीडिया विज्ञापन, इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप संदेश अथवा फोन कॉल के आधार पर विश्वास न करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story