पानीपत: तिहरे हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: तिहरे हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार


पानीपत, 13 जून (हि.स.)। पानीपत स्थित समालखा के गांव डिकाडला में प्रॉपर्टी डीलर नरेंद्र और उनके दो दोस्तों विनोद व अनीप की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी मनीष को पुलिस ने बीती रात गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 10 जून की रात हुई थी। अवैध खनन की शिकायत करने के शक में स्कूटी सवार तीनों दोस्तों को स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर मार दिया गया था। पुलिस के अनुसार, तीनों खेतों से लौटते समय डिकाडला आट्टा गांव रोड पर आपस में बातचीत कर रहे थे। की

तभी काले रंग की स्कॉर्पियो में आए हमलावरों ने पहले पास आकर उनकी पहचान की और फिर पीछे जाकर तेज रफ्तार से तीनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों करीब 25 मीटर दूर खेतों में जा गिरे। डिकाडला गांव के वीरेंद्र गाहल्याण ने पुलिस को बताया था कि घटना के समय एक पड़ोसी युवक ने फोन कर हमले की सूचना उन्हें दी थी। वे तुरंत अपने भाई नरेंद्र, उनके दोस्त विनोद और अनीप को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां तीनों ने दम तोड़ दिया।

वीरेंद्र के मुताबिक, नरेंद्र ने बताया था कि कुछ दिन पहले खनन विभाग ने गांव के मनीष की ट्रॉली और डंपर जब्त किए थे। इसके बाद मनीष उनसे रंजिश रखने लगा था और लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था। समालखा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मनीष, संदीप, रविंद्र, नवीन, तुषार, सचिन, नीरज, राजबीर और सूरज समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया था।

गिरफ्तार किये गए आरोपी मनीष ने अपने साथियों के साथ मिलकर स्कॉर्पियो कार से टक्कर मारकर हत्या करना स्वीकार किया है। डीएसपी सतीश कुमार ने बताया कि मनीष मिट्टी उठाने का काम करता है और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कार से टक्कर मारकर तीनों की हत्या की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story