सिरसा: पत्नी व बेटी को जिंदा जलाने का आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: पत्नी व बेटी को जिंदा जलाने का आरोपी गिरफ्तार


सिरसा, 23 सितंबर (हि.स.)। जिले के नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव शक्कर मंदोरी में दहेज के लिए विवाहिता और उसकी दो साल की बेटी को जिंदा जलाकर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर लिया है।

चोपटा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बुधवार को बताया कि 20 सितंबर को मृतका के भाई सतीश की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया था।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग कविता को दहेज के लिए ताने देते थे और उसे परेशान किया जाता था। शिकायत के आधार पर पति संदीप कुमार, सास शांति देवी, ससुर ओम सहारण तथा ननद के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मृतका के भाई सतीश ने पुलिस को बताया कि कविता ने 20 सितंबर की दोपहर को उससे और अपने पिता बनारसी दास से फोन पर बात की थी।

इसके कुछ समय बाद उसके ससुर के मोबाइल से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को गांव का सरपंच बताते हुए कविता के जलने की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो कविता की मौत हो चुकी थी।

परिजनों के अनुसार कविता की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताडि़त किया जा रहा था। करीब दो वर्ष पहले भी इस मामले को लेकर पंचायत हुई थी। कविता 14 सितंबर को ही अपने ससुराल गई थी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story