नूंह पुलिस ने साड़ी व फर्नीचर बेचने के नाम पर ठगी करते तीन साइबर ठग पकड़े

WhatsApp Channel Join Now
नूंह पुलिस ने साड़ी व फर्नीचर बेचने के नाम पर ठगी करते तीन साइबर ठग पकड़े


नूंह, 20 नवंबर (हि.स.)। नूंह जिला पुलिस की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग दो मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर साड़ी और फर्नीचर बेचने का झांसा देते थे और लोगों के साथ ऑनलाइन ठगी करते थे। वहीं, तीसरा आरोपी साइबर ठगी में संलिप्त लोगों को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध करवाता था।

पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि साइबर क्राइम थाना पुलिस की एक टीम जमालगढ़ रोड पर लुहिंगा कलां मोड़, पुन्हाना के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव लहरवाड़ी निवासी हसीन और शेम खां मोबाइल फोन और फर्जी सिम कार्ड के माध्यम से लोगों को साड़ी व फर्नीचर बेचने का झांसा देकर ठगी करते हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने जमालगढ़ रोड के नजदीक दबिश देकर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।

पुलिस द्वारा आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच करने पर ऑनलाइन ठगी से जुड़े कई संदिग्ध तथ्य सामने आए। शेम खां के कब्जे से लावा कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। जांच में फोन में 'होम डेकॉर फर्नीचर' नाम से प्रोफाइल मिली, जिस पर फर्नीचर बेचने से संबंधित फोटो और वीडियो मौजूद थे। इसके अलावा फेसबुक पर 'आरोही अग्रवाल' नाम से भी आईडी मिली।

वहीं, दूसरे आरोपी के मोबाइल फोन में इंस्टाग्राम पर 'रुक्मिणी सिल्क' नाम से अकाउंट और व्हाट्सएप पर इसी नाम से प्रोफाइल मिली। फोन में महिलाओं द्वारा साड़ी पहनकर प्रचार करने वाले वीडियो और फोटो के साथ लोगों से साड़ी बेचने के नाम पर हुई संदिग्ध चैट भी मिली। जांच के दौरान दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन में लगी सिम दूसरे व्यक्तियों के नाम पर पंजीकृत पाई गईं।

दूसरे मामले में पुलिस टीम अडबर चौक के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव महूं निवासी एक नाबालिग साइबर ठगी करने वाले लोगों को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध करवाता है और मरोड़ा आईटीआई के पास किसी साधन के इंतजार में खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और दो अतिरिक्त सिम कार्ड बरामद किए गए।

पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story