सोनीपत: 13.44 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा
सोनीपत, 23 सितंबर (हि.स.)। क्राइम
यूनिट कुंडली की पुलिस टीम ने मादक पदार्थ हेरोइन बेचने की फिराक में घूम रहे आरोपी
को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विक्की निवासी चावला कॉलोनी, सोनीपत के रूप में
हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 13.44 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपी को न्यायालय
में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस
के अनुसार 22 सितंबर 2026 को क्राइम यूनिट कुंडली में तैनात सहायक उप निरीक्षक सुरेश
पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। टीम सब्जी मंडी सोनीपत के पिछले गेट के पास मौजूद थी।
इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी अपनी गली के कोने पर हेरोइन बेचने की फिराक में खड़ा
है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी की। पुलिस को देखकर एक युवक वापस मुड़कर
तेज कदमों से जाने लगा। पुलिस ने उसे काबू कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम विक्की बताया।
पुलिस
ने राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी
पहनी कैफरी की दाहिनी जेब से सफेद पन्नी में गांठदार पदार्थ मिला। जांच करने पर पदार्थ
हेरोइन पाया गया। पन्नी सहित इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर वजन करने पर हेरोइन का वजन
13.44 ग्राम मिला। आरोपी हेरोइन रखने का कोई लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं
कर सका। पुलिस ने थाना सिविल लाइन सोनीपत में मामला दर्ज किया। मामले में सहायक उप
निरीक्षक सुनील की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

