सोनीपत: नाबालिग से दुष्कर्म के आराेपी गिरफ्तार, जेल भेजे
सोनीपत, 26 सितंबर (हि.स.)। सोनीपत
जिले में नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में सिविल लाइन और खरखौदा
थाना पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय
में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पहले
मामले में 24 जुलाई 2026 को सोनीपत निवासी महिला ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दी
थी कि उसकी नाबालिग बेटी दोपहर के समय घर से गायब हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच
शुरू की। पुलिस के अनुसार, जांच टीम में शामिल महिला निरीक्षक कविता ने पुलिस टीम के
साथ कार्रवाई करते हुए न्यायालय के आदेश पर नाबालिग के मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज
करवाए। इसके बाद महिला विशेषज्ञ और विधिक सहायता के माध्यम से उसकी काउंसलिंग कराई
गई।
जांच के दौरान मामले में पोक्सो अधिनियम की संबंधित धारा भी जोड़ी गई। पुलिस ने
मामले में संलिप्त आरोपी संजीव, निवासी सकरौली, जिला हरदोई, उत्तर प्रदेश
को गिरफ्तार किया। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। दूसरे
मामले में दो सितंबर 2026 को रोहतक जिले की नाबालिग लड़की ने थाना खरखौदा में शिकायत
देकर खरखौदा निवासी सुमित पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने संबंधित धाराओं
के तहत मामला दर्ज किया। जांच अधिकारी महिला उप निरीक्षक सुदेश ने पुलिस टीम के साथ
कार्रवाई करते हुए नाबालिग के मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज करवाए और महिला विशेषज्ञ
व विधिक सहायता से काउंसलिंग कराई। इसके बाद आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर न्यायालय में
पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

