सिरसा: कार से कुचलकर युवक की हत्या में एक और आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: कार से कुचलकर युवक की हत्या में एक और आरोपी गिरफ्तार


सिरसा, 22 मई (हि.स.)। जिले के गांव खाजाखेड़ा में कार से कुचलकर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सिरसा सदर थाना प्रभारी ने शुक्रवार को बताया कि मृतक सोनू के पड़ोस में रहने वाले सागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह सैलून का कार्य करता है। करीब एक वर्ष पूर्व एक पैलेस में आयोजित शादी समारोह के दौरान गुरु तेग बहादुर कॉलोनी निवासी जसविंद्र उर्फ बठल ने उससे नैपकिन मांगी थी, लेकिन सागर ने नैपकिन देने से मना कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश को लेकर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना वाली रात 25 अप्रैल को कुछ युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर गांव में आए थे। इसके बाद आरोपी कार में सवार होकर मौके पर पहुंचे और जान से मारने की नीयत से सीधे सोनू पर कार चढ़ा दी। आरोपियों ने सोनू को कार से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान शिकायतकर्ता सागर बाल-बाल बच गया। शिकायत के आधार पर सदर थाना सिरसा में नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में संलिप्त आरोपी अभय को सिरसा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि इस मामले में संलिप्त पांच आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच जारी है और जो भी इस मामले में संलिप्त पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story