सिरसा: ठेकेदार हत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार, शव का पोस्टमार्टम
सिरसा, 08 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव जमाल में सोलर प्लांट ठेकेदार की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने दो दिन तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया और अस्पताल परिसर में धरने पर बैठे रहे। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि पुलिस की टीमें हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। उन्होंनेे बताया कि गांव जमाल में राजस्थान सीमा के समीप हैक्सा सन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड का सोलर प्लांट लगाया जा रहा है। सोलर प्लांट में ठेकेदारी का काम करने वाला सुभाष चंद्र बीते मंगलवार को लांट में बैठा हुआ था। इसी दौरान दो-तीन युवक वहां पहुंचे और सुभाष चंद्र को गोली मारकर मौके से फरार हो गए। गोली लगने से सुभाष चंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे उपचार के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक के पिता भादर राम की शिकायत पर मुख्य आरोपी राहुल सहित 10 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से पूछताछ कर हत्या की वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

