पानीपत: एटीएम कार्ड बदल ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 10 हजार 500 रुपए बरामद

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: एटीएम कार्ड बदल ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 10 हजार 500 रुपए बरामद


पानीपत, 24 जुलाई (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने मतलौडा में एटीएम में पैसे निकालने आए बुजुर्ग से मदद के बहाने डेबिट कार्ड बदलकर ठगी करने वाले आरोपी को एनएफएल नाका के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान जिला हांसी निवासी सन्नी के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि उनकी टीम को गुरुवार की देर शाम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक एनएफएल नाका के पास घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान रोहतक निवासी सन्नी के रूप में बताई। पूछताछ में आरोपी ने छह जून को मतलौडा में एसबीआई के एटीएम में पैसे निकालने आए एक बुर्जुग की मदद के बहाने डेबिट कार्ड बदलकर ठगी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी ने कार्ड बदलने के बाद पीड़ित के खाते से 54,500 रुपए निकाले थे। उक्त वारदात बारे थाना मतलौडा में अभियोग दर्ज है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसने डेबिट कार्ड बदलकर खाते से निकाली गई राशि में से ज्यादातर रुपए खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बचे 10 हजार 500 रुपए बरामद कर शुक्रवार को पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ सोनीपत के गोहाना थाना में इसी प्रकार की धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज है। आरोपी करीब दो साल पहले जेल से बेल पर बाहर आया था।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story