फर्जी सिम और खातों से साइबर ठगी करने वाला आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फर्जी सिम और खातों से साइबर ठगी करने वाला आरोपित गिरफ्तार


पलवल, 28 जून (हि.स.)। साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पलवल पुलिस की साइबर अपराध थाना टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फर्जी सिम और बैंक खातों के माध्यम से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से दो फर्जी सिम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस मामले में ठगी के नेटवर्क और अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।

साइबर अपराध थाना प्रभारी नवीन कुमार ने रविवार को जानकारी देेते हुए बताया कि मुख्य सिपाही निखिल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए हथीन बाईपास क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि गांव चिल्ली निवासी जाफरान फर्जी सिम और खातों का इस्तेमाल कर गाय, पेपर और वाहन बेचने के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी करता है तथा केएमपी पुल के पास मौजूद है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें दो फर्जी सिम कार्ड मिले। जांच में पता चला कि एक सिम मध्य प्रदेश की महिला और दूसरी नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका निवासी व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है।

मोबाइल की जांच में साइबर ठगी से जुड़े संदिग्ध संदेश और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर जांच करने पर संबंधित मोबाइल नंबर के विरुद्ध पहले से साइबर शिकायत दर्ज मिली। पुलिस ने मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को कब्जे में लेकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपित को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि ठगी की रकम, गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story