जींद : नगर परिषद कर्मियों ने नप गेट पर जड़ा ताला

WhatsApp Channel Join Now
जींद : नगर परिषद कर्मियों ने नप गेट पर जड़ा ताला


जींद, 18 अगस्त (हि.स.)। नगर परिषद सफाई कर्मियों ने मंगलवार को नगर परिषद के गेट पर ताला जड़ दिया। सफाई कर्मियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रानी तालाब तक प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला फूंक रोष जताया। हडताल से हजारों टन कचरा शहर में जमा हो गया है। हालांकि सफाई कर्मियों ने अपनी हड़ताल को तीन दिन 18 अगस्त तक बढ़ाया हुआ है और नप अधिकारियों द्वारा सफाई कर्मियों को उनकी मांगें सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया जा रहा है लेकिन सफाई कर्मचारी अपनी मांग पर अड़े हैं। सफाई कर्मियों का कहना है कि उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

मांगें पूरी न होने पर हडताली सफाई कर्मियों ने नगर परिषद के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और धरना दिया। सफाई कर्मियों को संबोधित करते हुए विजेंद्र कांगड़ा और सोहन लाल ने कहा कि 13 मई को सरकार और यूनियन के बीच हुए समझौते में सफाई कर्मचारियों को पक्का करने व पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने सहित कई मांगें स्वीकार की गई थी। इसके बावजूद आजतक सरकार ने उन मांगों को लागू नहीं किया है। उन्होंने कहा कि सबसे हैरानी की बात यह है कि सरकार उन वादों को भी पूरा नहीं कर रही जिन्हें वह खुद लिखित समझौते में मान चुकी है।

कर्मचारी नेता संजीव ढांडा ने कहा कि जब तक सरकार मांगों को लागू करने के आदेश जारी नहीं करती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उनका कहना था कि बरसात के मौसम में यदि सफाई व्यवस्था ठप होने से गंदगी फैलती है और महामारी या अन्य बीमारियों का खतरा पैदा होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। सरकार कर्मचारियों के धैर्य की परीक्षा ले रही है। उनकी मुख्य मांगों में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, डोर टू डोर कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये करना और ठेके के सफाई कर्मियों को विभागीय रोल पर लेना शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story