हिसार : महिला अपराधों में कार्रवाई में कोताही पर पुलिस अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही : एसपी

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : महिला अपराधों में कार्रवाई में कोताही पर पुलिस अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही : एसपी


पीड़िताओं को थाने के चक्कर न कटवाएं, हर शिकायत पर संवेदनशीलता से हो कार्रवाई

हिसार, 05 नवंबर (हि.स.)। महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में शिकायत मिलने

पर कार्रवाई में देरी या लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही

तय होगी। पीड़ित महिलाओं को थानों के चक्कर नहीं कटवाने दिए जाएंगे और प्रत्येक शिकायत

पर संवेदनशीलता व तत्परता से कार्रवाई करनी होगी।

यह निर्देश पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने गुरुवार काे महिला विरुद्ध अपराधों की मासिक

समीक्षा बैठक में दिए। एसपी ने अपने कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान महिला पुलिस

थाना, महिला हेल्प डेस्क और महिला विरुद्ध अपराधों से संबंधित मामलों की समीक्षा की।

बैठक में डीएसपी वूमेन सेफ्टी, महिला थाना प्रभारी, महिला प्रोटेक्शन अधिकारी हिसार,

जिले की सभी महिला अनुसंधानकर्ता, संबंधित महिला हेल्प डेस्क प्रभारी, दुर्गा शक्ति

प्रभारी, डीसीआरबी और शिकायत शाखा के प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में दर्ज मामलों, लंबित शिकायतों, जांच की प्रगति और पीड़ित महिलाओं को

उपलब्ध करवाई जा रही पुलिस सहायता की समीक्षा की गई।

एसपी ने निर्देश दिए कि महिला

विरुद्ध अपराध की किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए और शिकायत मिलते ही नियमानुसार

कार्रवाई शुरू की जाए। पीड़िता के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के साथ उसकी पहचान और

व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखी जाए। मामलों की जांच समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके

से पूरी की जाए तथा साक्ष्य जुटाकर आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित

की जाए।

एसपी ने सभी महिला अनुसंधानकर्ताओं को लंबित शिकायतों और मुकदमों की नियमित

समीक्षा करने तथा अनावश्यक देरी से बचने के निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क पर आने

वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनने और पीड़िता को उचित कानूनी सहायता व मार्गदर्शन

उपलब्ध करवाने को कहा। एसपी सिद्धांत जैन ने स्पष्ट किया कि शिकायत दबाने, कार्रवाई में अनावश्यक

देरी करने या पीड़िता के साथ असंवेदनशील व्यवहार की शिकायत मिलने पर संबंधित पुलिस

अधिकारी या कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story