जींद में करंट लगने से बिजली कर्मी की मौत, फोरमैन व एएलएम पर मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
जींद में करंट लगने से बिजली कर्मी की मौत, फोरमैन व एएलएम पर मामला दर्ज


जींद, 17 नवंबर (हि.स.)। गांव रामराये सरकारी स्कूल के पीछे बिजली ट्रांसफार्मर पर काम करते समय मंगलवार को करंट लगने से सहायक लाइनमैन की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर बिजली निगम के फोरमैन तथा सहायक लाइनमैन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव गुलकनी निवासी कुलदीप (29) बिजली निगम में सहायक लाइनमैन के पद पर गावं रामराये बिजली सब स्टेशन पर डयूटीरत था। मंगलवार को वह गांव रामराये सरकारी स्कूल के पीछे ट्रांसफार्मर में आए फाल्ट को ठीक करने के लिए फोरमैन कुलदीप तथा एएलएम अमरजीत के साथ गया हुआ था। काम करने से पूर्व पीछे से लाइन बंद करने को बोला गया था।

जब कुलदीप ट्रांसफार्मर पर काम कर रहा था तो उसी समय उसे बिजली का करंट लगा और वो ट्रांसफार्मर से नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। सहयोगी कर्मियों द्वारा उसे नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मृतक के भाई मनदीप ने आरोप लगाया कि फोरमैन कुलदीप तथा एएलएम अमरजीत की लापरवाही के कारण उसके भाई की मौत हुई है। सदर थाना पुलिस ने मनदीप की शिकायत पर फोरमैन कुलदीप तथा एएलएम अमरजीत के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। मृतक अपने पीछे दो बच्चे तथा पत्नी छोड़ गया है। लगभग तीन साल पहले बिजली निगम मे एएलएम के पद पर नियुक्ति हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सदर थाना के कार्यवाहक प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर फोरमैन तथा एएलएम पर आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। जिस पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778766 Articles

Share this story