हिसार : दमकल विभाग की गाड़ी की टक्कर से हादसा, दो अन्य गाड़ियां टकराई
टक्कर के बाद एक गाड़ी चढ़ गई डिवाइडर पर
हिसार, 21 मई (हि.स.)। शहर के बस स्टेंड व तलाकी
गेट के बीच हुए सड़क हादसे में दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में एक फोर्ड
एंडेवर गाड़ी भी शामिल रही। बताया जा रहा है कि पीछे से दमकल विभाग की छोटी गाड़ी ने
टक्कर मार दी, जिससे गाड़ियों का संतुलन बिगड़ गया और फॉर्च्यूनर डिवाइडर पर चढ़ गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुरुवार दाेपहर पूर्व अचानक पीछे से
जोरदार टक्कर लगने के कारण एंडेवर और दूसरी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा इतना तेज
था कि एक गाड़ी डिवाइडर पर जा चढ़ी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि गाड़ियों में सवार
सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी को चोट नहीं आई।
हादसे के बाद बस स्टेंड के पास सड़क पर लंबा
ट्रैफिक जाम लग गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और जाम
खुलवाया। काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा, जिसके चलते राहगीरों को परेशानी उठानी
पड़ी। लोगों का कहना है कि पीछे से टक्कर लगने के कारण गाड़ी का बैलेंस बिगड़ गया,
जिससे हादसा हुआ। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना बड़ा हादसा
हो सकता था। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

