पानीपत: मेंहदी आर्टिस्ट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
पानीपत, 05 मार्च (हि.स.)। पानीपत स्थित सांईं कॉलोनी में एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक बुधवार रात को काम के लिए में घर से निकला था, लेकिन गुरुवार सुबह उझा गेट के पास पड़ा मिला। जिसको तुरंत अस्पताल ले जाया गया पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मृतक के भाई अर्जुन ने बताया कि मृतक अरुण पेशे से मेहंदी आर्टिस्ट था और अक्सर ऑनलाइन ऑर्डर मिलने पर रात के समय भी काम के लिए बाहर जाता था।
चार मार्च की रात भी वह अपने एक दोस्त की बाइक लेकर घर से यह कहकर निकला था कि वह कुछ ही देर में वापस आ जाएगा। जब अरुण रात भर घर नहीं लौटा, तो परिजनों को लगा कि वह शायद मेहंदी लगाने के किसी काम में व्यस्त हो गया होगा और वहीं रुक गया होगा। लेकिन गुरुवार सुबह कॉलोनी वासियों ने अरुण को उझा गेट के पास जमीन पर पड़ा देखा। उसके पास ही दोस्त की वह बाइक भी पड़ी हुई थी, जिसे वह लेकर निकला था। तुरंत अरुण को सिवाह स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया। पुलिस ने बताया कि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

