कैथल में 28 हजार की रिश्वत लेते पशु चिकित्सक गिरफ्तार, एसीबी ने विश्वकर्मा चौक पर दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
कैथल में 28 हजार की रिश्वत लेते पशु चिकित्सक गिरफ्तार, एसीबी ने विश्वकर्मा चौक पर दबोचा


कैथल, 30 जुलाई (हि.स.)। कैथल में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वेटरनरी डॉक्टर (वीएलडीए) को 28 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की तैनाती पट्टी अफगान क्षेत्र में बताई जा रही है। एसीबी इंस्पेक्टर सूबे सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

गांव सोंगरी निवासी राममेहर ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसकी कैथल के प्रताप गेट स्थित डेयरी के लिए भैंसों पर बैंक लोन की फाइल लगी हुई है। लोन स्वीकृत कराने के लिए पशुओं के स्वस्थ और जीवित होने का प्रमाणपत्र जरूरी था, जिस पर संबंधित वीएलडीए की मोहर और सत्यापन होना आवश्यक था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी वीएलडीए अंकुर ने फाइल सत्यापित करने के बदले पहले 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बाद में सौदा 28 हजार रुपये में तय हुआ। आरोपी लगातार फोन कर शिकायतकर्ता पर पैसे देने का दबाव बना रहा था और कह रहा था कि रिश्वत मिलने के बाद ही फाइल आगे बढ़ाई जाएगी।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कर ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार दाेपहर बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता को कैथल के विश्वकर्मा चौक स्थित सत्संग भवन के पास बुलाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने 28 हजार रुपये आरोपी को दिए, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई। इसके बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने कार्यालय ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

एसीबी अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि रिश्वत लेने के इस मामले में आरोपी अकेला था या किसी अन्य कर्मचारी अथवा अधिकारी की भी भूमिका रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story