नूंह में 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नूंह में 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार


नूंह, 28 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने नूंह में कार्रवाई करते हुए जिला नगर योजनाकार कार्यालय में तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) सलीम को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शिकायतकर्ता और उसके चचेरे भाई के निर्माण कार्य पर कार्रवाई नहीं करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी पलवल की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाकर आरोपी को पकड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि जिला नगर योजनाकार कार्यालय में तैनात जेई सलीम उससे 80 हजार रुपये की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता और उसके चचेरे भाई, जो ठेकेदार हैं, द्वारा किए जा रहे नवनिर्माण कार्य पर कार्रवाई नहीं करने के बदले यह रकम मांगी गई थी। शिकायत के आधार पर एसीबी ने जाल बिछाया और आरोपी को कथित तौर पर रिश्वत की राशि लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी की यह कार्रवाई पलवल यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार के नेतृत्व में की गई। ट्रैप के दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में डॉ. शारिश यादव, पशु चिकित्सा सर्जन, राजकीय पशु चिकित्सालय पलवल मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया। इस मामले में थाना एसवीएसीबी गुरुग्राम में एफआईआर केस दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768476 Articles

Share this story