सिरसा: एबीवीपी ने फूकां कुलपति का पुतला

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: एबीवीपी ने फूकां कुलपति का पुतला


सिरसा, 09 अक्टूबर (हि.स.)। चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय सिरसा में विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शुक्रवार काे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए पेयजल, छात्रावास, मेस, परीक्षा परिणाम, फीस वृद्धि और अन्य छात्रहित से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। परिसर में वाटर कूलर व्यवस्था खराब होने और स्वच्छ पेयजल की समस्या के कारण विद्यार्थियों को परेशानी होती है। छात्रावासों में खराब पड़ी वाशिंग मशीनों को ठीक करवाने अथवा जरूरत के अनुसार नई मशीनें उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने छात्रावासों के कुछ नलों में करंट आने की शिकायत करते हुए इसे विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया और तत्काल जांच करवाकर समस्या दूर करने की मांग की। विद्यार्थियों ने छात्रावासों और कैंटीन में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता और शुद्धता सुनिश्चित करने की मांग की। इसके साथ ही मेस कर्मचारियों के कथित दुव्र्यवहार, मेस टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा अतिरिक्त डाइट के नाम पर लिए जाने वाले शुल्क से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। एबीवीपी ने विश्वविद्यालय प्रशासन से भोजन व्यवस्था की नियमित निगरानी करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न पाठ्यक्रमों की फीस में हुई बढ़ोतरी पर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार बी.फार्मेसी की फीस 40 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये, बीएससी हेल्थ एंड स्पोट्र्स की 24 हजार से 34 हजार रुपये तथा बीबीए की फीस 24 हजार से बढ़ाकर 34 हजार रुपये कर दी गई है। बीए एलएलबी की फीस 27 हजार 200 रुपये से 33 हजार 700 रुपये और एमपीएड की फीस में भी भारी वृद्धि होने का दावा किया गया। शिक्षा विभाग के पाठ्यक्रमों में तीन से चार हजार रुपये तथा अन्य मास्टर डिग्री पाठ्यक्रमों में पांच से सात हजार रुपये तक फीस बढ़ाए जाने का मुद्दा उठाते हुए परिषद ने फीस वृद्धि पर नियंत्रण लगाने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान प्रांत सह मंत्री सुनील शास्त्री, प्रांत छात्रा सह प्रमुख कुमारी दिशा चावला, जिला संयोजक मोहित बिश्नोई, नगर मंत्री कुमारी तन्नू, मीडिया नगर संयोजक राहुल साहपुनिया सहित बड़ी संख्या कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story