हिसार में 2023 की आठ मेडिकल छुट्टियां विवादित अनुपस्थिति अवधि में होंगी समायोजित
एचकेआरएनएल पोर्टल अपडेट करने के लिखित आदेश जारी होने पर आंदोलन समाप्त
हिसार, 05 नवंबर (हि.स.)। बिजली कर्मचारी मनोज शर्मा की सेवा अवधि नियमित करने
की मांग पर हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबंधित एचएसईबी वर्कर्स यूनियन के एक महीने
से जारी संघर्ष का आखिरकार समाधान हो गया। बिजली निगम प्रशासन ने यूनियन की मांग स्वीकार
करते हुए मनोज शर्मा की वर्ष 2023 की बकाया आठ मेडिकल छुट्टियों को विवादित अनुपस्थिति
अवधि के बदले समायोजित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही एचकेआरएनएल पोर्टल पर सेवा
निरंतरता बनाए रखने के लिए रिकॉर्ड अपडेट करने के लिखित आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
मांग पूरी होने के बाद यूनियन ने अपना दो दिवसीय आंदोलन समाप्त कर दिया।
मामला एएलएम पद पर कार्यरत एचकेआरएनएल कर्मचारी मनोज शर्मा की आंदोलन अवधि
को गैर हाजिरी में दर्ज किए जाने से जुड़ा था। इसके कारण एचकेआरएनएल पोर्टल पर उनका
सेवा रिकॉर्ड अधूरा हो गया था और नौकरी की निरंतरता को लेकर स्थिति प्रभावित हो रही
थी। यूनियन इस समस्या के समाधान के लिए पिछले एक महीने से संघर्ष कर रही थी। यूनियन ने सबसे पहले एक्सईएन/टीएस डिवीजन हिसार कार्यालय के बाहर करीब 15 दिन
तक धरना-प्रदर्शन किया। इसके बावजूद समाधान नहीं होने पर यूनियन के मुख्यालय भिवानी
ने हस्तक्षेप करते हुए एसई कार्यालय को नोटिस जारी किया। मांग पूरी नहीं होने पर एसई/टीएस
सर्कल, एचवीपीएनएल हिसार कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन रोष प्रदर्शन शुरू कर दिया
गया।
लगातार प्रदर्शन के चलते विभागीय कामकाज और फील्ड गतिविधियों पर असर पड़ने
लगा। इसके बाद अधीक्षक अभियंता इंजीनियर पुष्पेंद्र सिंह की अध्यक्षता में उनके कार्यालय
में आपात बैठक हुई। इसमें एक्सईएन इंजीनियर सत्य प्रकाश और एसएसई इंजीनियर विनोद कुमार
भी शामिल हुए। बैठक में विचार-विमर्श के बाद अधिकारियों की कमेटी ने मनोज शर्मा की
वर्ष 2023 की आठ बकाया मेडिकल छुट्टियों को विवादित अनुपस्थिति अवधि के बदले समायोजित
करने पर सहमति जताई। साथ ही एक्सईएन/टीएस डिवीजन को एचकेआरएनएल पोर्टल पर रिकॉर्ड तत्काल
अपडेट करने के लिखित निर्देश जारी किए गए। यूनियन के राज्य उपमहासचिव सतेन्द्र सहारण, सर्कल सचिव जसवंत सिंह, सचिन भाकर,
यूनिट सचिव राहुल राणा, प्रधान सुभाष पहल, वरिष्ठ उपप्रधान रणदीप मोर, केंद्रीय परिषद
के सुरेश सरसाना और पंकज ने आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनके अलावा यूनिट
स्तर पर सुरेश बेरवाल, नरेन्द्र सैनी, सतीश बूरा, अमन काला और विकास सहित सैकड़ों कर्मचारियों ने आंदोलन
को समर्थन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

