जींद : छोटे भाई की पत्नी के साथ गायब हुआ युवक, नहर किनारे मिली गाड़ी व चप्पल

WhatsApp Channel Join Now
जींद : छोटे भाई की पत्नी के साथ गायब हुआ युवक, नहर किनारे मिली गाड़ी व चप्पल


जींद, 05 जुलाई (हि.स.)। नरवाना के निकट सिरसा ब्रांच नहर पटरी पर शीशा टूटी कार तथा दो जोड़ी चप्पल बरामद हुई हैंं। कार गांव पालवा निवासी व्यक्ति की है, जो दस दिन पहले कार से अपने छोटे भाई की पत्नी को साथ ले गया था। उचाना थाना पुलिस ने फिलहाल गुमशुदगी का मामला दर्ज कर नरवाना नहर में गोताखोरो की सहायता से सर्च अभियान चलाया हुआ है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

गांव पालवा निवासी राहुल तथा उसके छोटे भाई की पत्नी गत 26 जून को घर से संदिग्ध हालात में गायब हो गए। परिजनों ने दोनो को तलाशा भी लेकिन कोई सुराग नही लगा। 28 जून का महिला ने अपने पति के पास फोन कर कहा कि वह राहुल के साथ चंडीगढ़ में है। जिस पर राहुल तथा महिला के परिजनों ने दोनों घर वापस आने के लिए कहा तो दोनों ने मना कर दिया। 30 जून शाम को महिला के पति को बताया कि वह घर लौट रहे हैं।

सूचना मिलने पर महिला का मायका पक्ष के लोग गांव डूमरखा कलां के निकट सिरसा ब्रांच नहर पटरी पर पहुचे। वहां पर राहुल की गाड़ी खड़ी मिली। जिसका पिछला शीशा टूटा हुआ था। दो चप्पल जोड़ी वहा रखी हुई थी। जिसमें महिला की चप्पल भी थी। गाडी के पास कोई व्यक्ति मौजूद नही था। रविवार को जानकारी देते हुए उचाना थाना प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि मामला संदेहजनक बना देख फिलहाल गुमशुदगी का मामला दर्ज किया हुआ है। नहर में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story