नूंह: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लें विद्यार्थी, नशे से रहें दूर : डॉ. अशोक वर्मा

WhatsApp Channel Join Now
नूंह: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लें विद्यार्थी, नशे से रहें दूर : डॉ. अशोक वर्मा


नूंह, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की ओर से गुरुवार काे राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), नगीना में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 250 छात्र-छात्राओं सहित 35 शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, आईपीएस तथा उप पुलिस महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जागरूकता एवं पुनर्वास गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। डॉ. अशोक वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए। परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और शिक्षा के बल पर जीवन में बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल विकास और राष्ट्र सेवा में लगानी चाहिए तथा नशे से हमेशा दूर रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को गंभीर नुकसान पहुंचाता है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। डॉ. वर्मा ने कविता और गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशे की लत से पीड़ित व्यक्तियों को तिरस्कार करने के बजाय उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि वे समाज की मुख्यधारा में लौट सकें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की कार्यप्रणाली और नशे के खिलाफ जनसहभागिता के महत्व की जानकारी भी दी गई। डॉ. वर्मा ने नशे से संबंधित सूचना देने के लिए राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 तथा हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हेल्पलाइन 90508-91508 की जानकारी देते हुए लोगों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर करण सिंह, यतीन चावला और राज कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story