हरियाणा में अब तक 25 हजार ‘वीआईपी’ ने ली ‘अभेद्य’ की सुरक्षा

WhatsApp Channel Join Now

-सभी जिलों के थाना प्रभारी धमकी के आशंकित व्यक्तियों की करेंगे पहचान

चंडीगढ़, 03 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा पुलिस द्वारा धमकी व फिरौती मांगने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शुरू किए गए मोबाइल एप ‘अभेद्य’ के माध्यम से अब तक 25000 लोग सिक्योरिटी कवर ले चुकेहैं। इनमें बहुत से वीआईपी, कारोबारी, उद्योगपति तथा राजनीतिक व्यक्ति शामिल हैं।

हरियाणा में आए दिन जान से मारने की धमकी देने तथा फिरौती मांगने की घटनाओं को देखते हुए पुलिस द्वारा 21 मार्च 2026 को मोबाइल एप ‘अभेद्य’ लांच किया गया था। यह गूगल प्ले स्टोर पर ओपन उपलब्ध नहीं है। इसे संबंधित जिले के एसपी के निर्देश पर किसी व्यक्ति के फोन में अपलोड करवाया जाता है।

हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने इस एप की रिव्यू बैठक में बताया कि अब तक प्रदेश में इस ऐप को 25 हजार से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है। डीजीपी ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे थाना स्तर पर ऐसे व्यक्तियों की पहचान करें, जिन्हें फिरौती या अन्य आपराधिक धमकियां मिलने की आशंका है और उन्हें ‘अभेद्य’ ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय और वर्चुअल नंबरों से आने वाली कॉल के संबंध में सुरक्षा को मजबूत किया जा सके। इस एप को डाउनलोड करने के लिए इच्छुक व्यक्ति को संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक से संपर्क करना होगा, जिसके उपरांत उसे अधिकृत एक्सेस प्रदान किया जाएगा। यह ऐप एंड्रॉयड एवं एप्पल दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।

डीजीपी ने ऐप के बारे में बताया, ‘अभेद्य’ एप अज्ञात और संदिग्ध नंबरों से आने वाली कॉल्स और संदेशों की पहचान कर उन्हें उपयोगकर्ता तक पहुंचने से पहले ही रोक देता है। यह विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय, वर्चुअल और अनसेव्ड नंबरों की निगरानी करता है तथा संदिग्ध पाए जाने पर कॉल को स्वत: रिजेक्ट कर नंबर को ब्लॉक कर देता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story