हरियाणा के मंत्रियों ने पलवल स्टेशन पर चलाया आत्मनिर्भर भारत जागरूकता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा के मंत्रियों ने पलवल स्टेशन पर चलाया आत्मनिर्भर भारत जागरूकता अभियान


पलवल, 29 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता राज्य मंत्री राजेश नागर ने शनिवार को पलवल रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर आत्मनिर्भर भारत–स्वदेशी संकल्प अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। दोनों मंत्रियों ने रेल यात्रियों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें पंपलेट बांटे और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के प्रति प्रेरित किया। इस दौरान उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने स्टेशन परिसर में अभियान से संबंधित स्टीकर भी चस्पा किए और नागरिकों को जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी संकल्प एक सशक्त राष्ट्रीय आंदोलन है, जो मजबूत, समृद्ध और विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाने से न केवल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलता है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होती है।

उन्होंने कहा जब हम अपनी मेहनत से बनी चीजों का उपयोग करते हैं, तो यह हमें गर्व का एहसास कराता है। मेहनत अपनी, चीज अपनी यही असली आजादी है।

उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता अपनाने और सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी नीतियों को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी संकल्प ने राष्ट्र को उपभोक्ता से उत्पादक और नवाचार केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उपायुक्त डॉ. वशिष्ठ ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा भी आत्मनिर्भर भारत स्वदेशी संकल्प के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न गतिविधियां जारी हैं। स्टेशन परिसर में लगाए गए स्टीकर और जन-जागरूकता प्रयासों का उद्देश्य लोगों को स्थानीय उत्पादों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, मार्केट कमेटी चेयरमैन पंकज विरमानी, जिला महामंत्री दिनेश कौशिक, महिला मोर्चा अध्यक्ष आशा भारद्वाज, मनोज सरपंच रायपुर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story