चंडीगढ़ में मेयर चुनाव से पहले आआपा को झटका, 02 पार्षद भाजपा में शामिल

WhatsApp Channel Join Now
चंडीगढ़ में मेयर चुनाव से पहले आआपा को झटका, 02 पार्षद भाजपा में शामिल


चंडीगढ़, 24 दिसंबर (हि.स.)। चंडीगढ़ में मेयर पद के चुनाव को लेकर शुरू हुई सक्रियता ने बुधवार को उस समय नया मोड़ ले लिया जब यहां आम आदमी पार्टी (आआपा) की दो महिला पार्षद भाजपा में शामिल हो गईं। भाजपा को मेयर पद के चुनाव से पहले मजबूती मिली है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने आज पार्टी कार्यालय में वार्ड नंबर 16 से पार्षद पूनम तथा वार्ड नंबर 4 से पार्षद सुमन शर्मा का स्वागत किया। उनके साथ चंडीगढ़ की मेयर हरप्रीत कौर बबला एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय टंडन विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मेयर हरप्रीत कौर बबला ने दोनों पार्षदों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चंडीगढ़ सहित पूरे देश में विकास की नई दिशा तय हुई है और नए साथियों के जुडऩे से संगठन और अधिक मजबूत होगा। वहीं, संजय टंडन ने कहा कि भाजपा का निरंतर विस्तार प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर जनता के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।

चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 35 पार्षद हैं। मेयर पद के लिए चुनाव में चंडीगढ़ के सांसद का वोट भी मान्य होता है। इसके अलावा 9 पार्षद नॉमिनेटेड होते हैं, जिनके पास मतदान का अधिकार नहीं हैं। ऐसे में 36 वोटों में से भाजपा के पास अब तक 16 और आआपा के पास 13 वोट थे मगर अब 2 पार्षदों के आआपा छोड़ने के बाद भाजपा के पास 18 और आआपा के पास 11 वोट रह गए हैं। कांग्रेस के पास 6 पार्षद और सांसद मनीष तिवारी को मिलाकर कुल 7 वोट हैं। मेयर बनाने के लिए कुल 19 वोट चाहिए। भाजपा के पास अब 18 वोट हो गए हैं।

चंडीगढ़ की मौजूदा मेयर हरप्रीत कौर बबला हैं। पिछली बार मेयर पद के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने मिलकर चुनाव लड़ा था लेकिन दो क्रॉस वोट होने के कारण भाजपा की मेयर बन गईं। सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का पद कांग्रेस को मिला था। इस बार कांग्रेस के हाथ से वह भी खिसकता हुआ दिख रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story