झज्जर : शराब नीति को लेकर अदालत के फैसले के बाद सड़कों पर निकले केजरीवाल समर्थक

WhatsApp Channel Join Now

झज्जर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली के पूर्व सीएम केजरीवाल को लेकर आए अदालती फैसले के बाद आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। शनिवार को झज्जर की देशवाल मार्केट में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए सड़कों पर उतरकर जश्न मनाया।

ढोल की थाप पर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया। इस खुशी के मौके पर आम आदमी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र नांगल, प्रवक्ता अभिता, जिलाध्यक्ष हरीश कुमार व रज्जे धौड़ मुख्य तौर पर शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने अदालत के इस फैसले को लोकतंत्र की जीत और सच्चाई की विजय बताया। इस दौरान आप नेताओं ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि षड्यंत्र के तहत अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को फंसाने का प्रयास किया गया। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में दिल्ली में हुए सुधारों से राजनीतिक विरोधी घबरा गए थे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिल्ली का शिक्षा मॉडल आज देशभर में चर्चा का विषय है और सरकारी स्कूलों में हुए सुधारों को जनता आज भी याद करती है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, मोहल्ला क्लीनिक और सरकारी अस्पतालों की स्थिति में सुधार को भी उन्होंने आम आदमी पार्टी की बड़ी उपलब्धि बताया। आप के स्थानीय नेताओं ने कहा कि अदालत का यह फैसला ऐतिहासिक है और इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनता को गुमराह कर दिल्ली की सत्ता हासिल की, लेकिन सच्चाई अंततः सामने आ ही जाती है। आप समर्थकों ने अरविंद केजरीवाल को ईमानदार और देशभक्त नेता बताते हुए कहा कि कट्टर ईमानदारी की ताकत को चुनौती देने का प्रयास किया गया, लेकिन न्यायपालिका ने सत्य का साथ दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज

Share this story