हिसार : 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार टूटने से युवक झुलसा
हिसार, 29 अगस्त (हि.स.)। नारनाैंद क्षेत्र के गांव पुट्ठी में उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब घर
के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे आ गिरा। तार
की चपेट में आने से पशुबाड़े में चारा डालने गया 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस
गया। करंट की चपेट में आने के बाद युवक वहीं गिर पड़ा, जबकि टूटे तार के कारण पशुबाड़े
में रखा सूखा चारा भी आग की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर
काबू पाया। झुलसे युवक को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया गया है।
गांव पुट्ठी निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उसके भाई अनिल के घर के ऊपर से
11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन गुजर रही है। ग्रामीणों के अनुसार इस लाइन को घरों के
ऊपर से हटाने के लिए बिजली निगम के अधिकारियों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन
अभी तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार को अनिल का 22 वर्षीय बेटा मोहित
पशुओं को चारा डालने के लिए पशुबाड़े में गया था। मोहित ने 12वीं कक्षा की पढ़ाई पूरी
करने के बाद आगे की पढ़ाई के साथ घर पर खेतीबाड़ी और पशुपालन में परिवार का हाथ बंटाना
शुरू किया था। इसी दौरान अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार टूटकर
नीचे गिर गया और मोहित उसकी चपेट में आ गया। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलसकर मौके
पर ही गिर पड़ा।
इसी दौरान टूटे बिजली तार से निकली चिंगारी के कारण पशुओं के लिए रखा सूखा
चारा भी आग पकड़ गया। धुआं उठता देखकर पड़ोसी रघुवीर जांगड़ा मौके पर पहुंचा तो मोहित
को झुलसी हालत में जमीन पर पड़ा देखा। उसने लाठी की सहायता से बिजली के तार को मोहित
से दूर किया और तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन गंभीर रूप से घायल
मोहित को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।
दूसरी ओर पशुबाड़े में रखे सूखे चारे में लगी आग को बुझाने के लिए ग्रामीणों
ने मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इससे बड़ा नुकसान होने से
बच गया। हादसे के बाद ग्रामीणों का कहना
है कि घरों के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन लगातार खतरा बनी हुई है। उन्होंने
आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद लाइन को हटाने या सुरक्षित करने की दिशा
में गंभीरता नहीं दिखाई गई। ग्रामीणों ने बिजली निगम से मांग की है कि 11 हजार वोल्ट
की लाइन को घरों के ऊपर से तत्काल हटाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका
जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

