हांसी-बरवाला रोड पर बाइक-स्कूटी की टक्कर, इंटरव्यू देने जा रहे युवक की मौत
हांसी, 17 जुलाई (हि.स.)। बरवाला रोड पर हुए दर्दनाक
सड़क हादसे में नौकरी के इंटरव्यू के लिए जा रहे 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक
की पहचान इंदिरा कॉलोनी निवासी रजत के रूप में हुई है। वह हांसी के राजकीय महाविद्यालय
में बीए का छात्र था।
परिजनों के अनुसार रजत शुक्रवार सुबह अपनी बाइक
पर सवार होकर बरवाला में नौकरी के इंटरव्यू के लिए जा रहा था। भाटला गांव के निकट एक
पेट्रोल पंप के सामने उसकी बाइक की टक्कर भाटला की ओर से आ रही ई-स्कूटी से हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन सड़क पर गिर गए और रजत गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद पेट्रोल पंप के कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों ने घायल रजत को
उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित
कर दिया। हादसे में ई-स्कूटी चालक के भी घायल होने की सूचना है।
रजत की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन और इंदिरा
कॉलोनी से बड़ी संख्या में लोग नागरिक अस्पताल पहुंच गए। रजत अविवाहित था। और उसका
पिता सीताराम हांसी में बड़सी गेट बाहर कांजी-बड़े की रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण
करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही भाटला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का
निरीक्षण किया। पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में
लेकर जांच शुरू कर दी है। इसके बाद पुलिस नागरिक अस्पताल पहुंची, जहां मृतक के पिता
सीताराम के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और शव परिजनों को सौंप दिया
गया।
जांच अधिकारी एएसआई बनी सिंह ने बताया कि पेट्रोल
पंप के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बयानों
और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

